सारण में धान गबन के आरोप में बरेजा और मदारपुर पैक्स पर प्राथमिकी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 11 अगस्त (हि.स.)। खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत सीएमआर आपूर्ति में बरती गई लापरवाही पर सारण जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले की 271 समितियों द्वारा 94,591.84 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की गई थी, जिसकी सीएमआर आपूर्ति की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी।

262 समितियों ने समय पर आपूर्ति पूरी कर दी, लेकिन 9 समितियां विफल रहीं। विभागीय निर्देश पर कराए गए भौतिक सत्यापन में खुलासा हुआ कि मांझी प्रखंड के बरेजा पैक्स के गोदाम में दर्ज 2,249 क्विंटल और मसरख के मदारपुर पैक्स में दर्ज 1,017.08 क्विंटल अवशेष धान मौके से नदारद मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी के आदेश पर बरेजा पैक्स के खिलाफ दाउदपुर थाने में और मदारपुर पैक्स के खिलाफ मसरख थाने में गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सख्त चेतावनी दी है कि सरकारी खाद्यान्न के गबन और अनियमितता पर दोषी समितियों व जिम्मेवार व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story