युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ हंगामा करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
सारण, 09 जून (हि.स.)। बनियापुर थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़कर संचार व्यवस्था बाधित करने और संपत्ति को क्षति पहुँचाने का एक मामला सामने आया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 08 जून को भिठ्ठी निवासी विनोद सिंह की निजी भूमि पर स्थित एक मोबाइल टावर के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर एक युवती उसके ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई। इससे न केवल संचार सेवाओं पर संकट मंडराने लगा, बल्कि युवती की जान भी गंभीर खतरे में पड़ गई। सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से करीब 2 घंटे के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवती किसी के बहकावे में आकर टावर पर चढ़ी थी। इस कृत्य से टावर को नुकसान पहुँचने, संचार सेवा ठप होने और कंपनी को आर्थिक क्षति होने की पूरी आशंका थी। इस संबंध में बनियापुर थाना कांड संख्या-488/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और अन्य संलिप्त लोगों की जांच कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी के बहकावे या अफवाह में आकर मोबाइल टावर, रेलवे या विद्युत जैसी सार्वजनिक संपत्तियों पर न चढ़ें। यह कानूनन अपराध है और जानलेवा भी हो सकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

