यूट्यूबर यश महेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, महिलाओं की गरिमा और सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: प्रीति शेखर
पटना, 26 नवंबर (हि.स.)। बिहार की महिलाओं के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र, अपमानजनक एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में यूट्यूबर एवं कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा की प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर के नेतृत्व में भाजपा महिला नेताओं द्वारा इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। महिला नेताओं ने संबंधित यूट्यूबर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को आवेदन सौंपा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यश महेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिहार की महिलाओं को लक्षित करते हुए कथित तौर पर अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणियां की हैं। इन टिप्पणियों से महिलाओं की गरिमा, सम्मान और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। भाजपा महिला नेताओं ने कहा कि मनोरंजन, हास्य और व्यंग्य के नाम पर किसी को भी महिलाओं का अपमान करने की छूट नहीं दी जा सकती।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 75, 79, 351 और 352 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी सहित अन्य सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में संबंधित वीडियो, यूआरएल, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा उनकी विस्तृत जांच करने का भी अनुरोध किया गया है।
प्रीति शेखर ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसका उपयोग कानून और सामाजिक मर्यादा के दायरे में होना चाहिए। स्वस्थ हास्य और आलोचना का कोई विरोध नहीं है, लेकिन किसी राज्य की महिलाओं को निशाना बनाकर अपमानजनक टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। बिहार की महिलाओं का सम्मान और स्वाभिमान सर्वोपरि है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष शीला कुशवाहा,विधायक निशा सिंह, विधान पार्षद शीला प्रजापति, विधायक संगीता कुमार, चंचल सिंह, चेतना झांब, संगीता सिंह, सरोज जायसवाल, आशा किरण, शांति जायसवाल,शशि बलदिहार,कुमारी वसुधा और वीणा सिंह सहित भाजपा की कई महिला नेत्रियां एवं महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

