सदर अस्पताल में हंगामे के मामले में 16 नामजद समेत 60 अज्ञात पर प्राथमिकी
किशनगंज, 12 जून (हि.स.)। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान हंगामा, मुख्य द्वार जाम करने तथा पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने 16 नामजद समेत 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक जून को किशनगंज थाना क्षेत्र के डुमरिया भट्ठा स्थित शिवगंगा घाट से 13 वर्षीय किशोरी मेनका कुमारी का शव बरामद किया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया।
इस संबंध में सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर कुमार के लिखित आवेदन पर किशनगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज मामले में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने अस्पताल के मुख्य द्वार को जाम कर दिया, जिससे एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। साथ ही पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
प्राथमिकी में 16 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 50 से 60 अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

