सात दिनों के अतिक्रमण अभियान में 1.25 लाख जुर्माना वसूला, नालों पर बने पक्के निर्माण तोड़े

WhatsApp Channel Join Now
सात दिनों के अतिक्रमण अभियान में 1.25 लाख जुर्माना वसूला, नालों पर बने पक्के निर्माण तोड़े


किशनगंज, 16 सितंबर (हि.स.)। नगर परिषद किशनगंज क्षेत्र को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए जिलाधिकारी नवीन कुमार के आदेश और अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के सातवें दिन बुधवार को नगर प्रशासन का बुलडोजर खगड़ा इलाके में चला।खगड़ा मेला गेट से खगड़ा करबला होते हुए यामाहा शोरूम तक अतिक्रमण हटाया गया।

दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क और नाला क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई स्थानों पर नालों के ऊपर पक्की सीढ़ियां और अन्य निर्माण कर दिए गए थे। जेसीबी की मदद से ऐसे निर्माणों को मौके पर ही तोड़कर जगह को समतल कराया गया।

नगर प्रशासन की टीम ने अतिक्रमणकारियों को जुर्माना लगाने के साथ सख्त हिदायत भी दी कि वे अपने स्तर से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटा लें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्देश का पालन नहीं करने पर नगर परिषद द्वारा दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।

नगर परिषद के अनुसार सात दिनों से लगातार चल रहे अभियान के दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर कार्रवाई की गई। इमलीगोला चौक से पश्चिमपाली चौक, चूड़ीपट्टी चौक, रमजान पुल से फल चौक, लोहारपट्टी रोड से मोतीबाग चौक, गांधी चौक से धर्मगंज रेलवे गुमटी, रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड तथा कॉलटेक्स चौक से पूरबपाली चौक होते हुए एमजीएम गेट नंबर एक तक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर प्रशासन ने कुल 1.25 लाख रुपये जुर्माना भी वसूल किया।

कार्रवाई में विधि प्रशाखा प्रभारी कमलेश कुमार, राकेश रामदास, राजेश साह, राजस्व कर्मी, वार्ड जमादार, स्वच्छता साथी और नगर परिषद के सफाई कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story