त्यौहारों पर कटिहार रेल मंडल को एनएफआर की सौगात: चलेंगी 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, पंजाब व यूपी से घर आना हुआ आसान
कटिहार, 10 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने कटिहार रेल मंडल से जुड़े विभिन्न रेलखंडों पर चार जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की शुरुआत की है। इस पहल से कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और सबौर समेत सीमांचल व कोसी क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों से अपने घर आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सीट और सुरक्षित सफर का विकल्प उपलब्ध होगा।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्व-त्यौहारों के दौरान पूर्वोत्तर, पूर्वी और उत्तर भारत के बीच कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने और यात्रियों को उनके गृहनगर तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से क्षेत्र के लोगों को अपने परिवारों के साथ त्यौहार मनाने में आसानी होगी।
कटिहार रेल मंडल से संबंधित सेवाओं में कटिहार–सबौर पूजा स्पेशल इंटरसिटी एक्सप्रेस (05782/05781) 8 अक्टूबर से 30 नवंबर तक कटिहार से प्रत्येक गुरुवार, रविवार और सोमवार को शाम 16:50 बजे खुलकर रात 23:00 बजे सबौर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 9 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक सबौर से प्रत्येक शुक्रवार, सोमवार और मंगलवार को सुबह 04:50 बजे चलकर पूर्वाह्न 10:55 बजे कटिहार पहुंचेगी। 22 कोच वाली यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 24-24 फेरे लगाएगी। वहीं स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए भागलपुर–कटिहार दैनिक स्पेशल (03409/03410) की सेवा भी शुरू की गई है, जो भागलपुर से शाम 17:30 बजे चलकर रात 23:10 बजे कटिहार और वापसी में कटिहार से सुबह 06:35 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:05 बजे भागलपुर पहुंचेगी। यह दैनिक ट्रेन 30 नवंबर और 01 दिसंबर तक दोनों तरफ से 55-55 फेरे लगाएगी।
इसके अलावा सीमांचल को उत्तर भारत से जोड़ने के लिए फिरोजपुर छावनी–पूर्णिया फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस (04634/04633) 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को फिरोजपुर से शाम 17:30 बजे रवाना होकर शनिवार तड़के 03:00 बजे पूर्णिया पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार सुबह 06:00 बजे पूर्णिया से चलकर रविवार शाम 16:35 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। 18 कोच वाली यह ट्रेन 8 फेरे लगाएगी। वहीं नारंगी–गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल (05633/05634) 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार नारंगी से और वापसी में 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार गोरखपुर से संचालित होगी।
सीपीआरओ ने यात्रियों से अपील की है कि इन ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी का विस्तृत विवरण आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एनएफआर के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों पर उपलब्ध है, इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले यात्री समय और ठहराव की पुष्टि अवश्य कर लें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

