त्यौहारों में सफर होगा आसान: कटिहार से पूर्णिया और मनिहारी के बीच दौड़ेंगी स्पेशल ट्रेनें, गोमती नगर के लिए भी मिला सीधा फेरा
कटिहार, 20 सितंबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने चार जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
इसमें कटिहार रेलमंडल के यात्रियों की सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। रेलमंडल के प्रमुख रेलखंडों कटिहार-पूर्णिया और कटिहार-मनिहारी के बीच जहां विशेष ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया गया है, वहीं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (गोमती नगर) के लिए भी कटिहार व पूर्णिया होकर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को आगामी त्यौहारों के दौरान आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 07555/07554 कटिहार-पूर्णिया-कटिहार स्पेशल आगामी 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक दोनों दिशाओं में प्रतिदिन कुल 61-61 फेरों के लिए चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से प्रतिदिन रात 9:30 बजे रवाना होकर 10:40 बजे पूर्णिया पहुंचेगी, जबकि वापसी में पूर्णिया से रात 11:40 बजे खुलकर देर रात 2:00 बजे कटिहार पहुंचेगी। रास्ते में यह दलन, रौतारा और रानीपतरा स्टेशनों पर रुकेगी।
इसी प्रकार कटिहार-मनिहारी रेलखंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो अलग-अलग स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें ट्रेन संख्या 07540/07539 कटिहार-मनिहारी-कटिहार स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक सप्ताह में पांच दिन (मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) 43-43 फेरों के लिए चलेगी, जो कटिहार से शाम 7:00 बजे चलकर रात 8:00 बजे मनिहारी पहुंचेगी और वापसी में मनिहारी से तड़के 3:15 बजे खुलकर सुबह 4:15 बजे कटिहार पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 07544/07543 कटिहार-मनिहारी स्पेशल 1 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक सप्ताह में दो दिन (सोमवार और गुरुवार) 18-18 फेरों के लिए चलेगी, जिसका प्रस्थान कटिहार से रात 8:30 बजे और मनिहारी से सुबह 5:00 बजे निर्धारित किया गया है। इन दोनों ट्रेनों का ठहराव मनसाही और महियारपुर में रहेगा।
लंबी दूरी के यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 05742/05741 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर (लखनऊ)-न्यू जलपाईगुड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन 4 अक्टूबर से 30 नवंबर तक दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुबह 8:30 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:10 बजे गोमती नगर पहुंचेगी। वापसी में प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12:20 बजे गोमती नगर से चलकर मंगलवार दोपहर 3:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। कटिहार रेलमंडल के कटिहार, पूर्णिया, अररिया कोर्ट और ठाकुरगंज के अलावा यह ट्रेन सिलीगुड़ी जंक्शन, मानसी, खगड़िया, समस्तीपुर, हाजीपुर, छपरा और गोरखपुर स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न हिस्सों में जाने वाले यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेल प्रशासन ने बताया कि इन सभी स्पेशल ट्रेनों के विस्तृत ठहराव और समय-सारणी का पूरा विवरण आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट व रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले समय-सारणी से संबंधित विवरण की जांच अवश्य कर लें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

