त्योहारों में सफर आसान: आनंद विहार-जोगबनी के बीच 5 फेरे लगाएगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
कटिहार, 09 सितंबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने कटिहार रेल मंडल के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दिल्ली-एनसीआर जाने वाले सीमांचल व कोसी क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल और जोगबनी के बीच पांच फेरों के लिए 20 कोच वाली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन कटिहार, पूर्णिया, फारबिसगंज और नवगछिया होकर गुजरेगी। इसके साथ ही सांतरागाछी-नाहरलगुन स्पेशल के फेरों में भी विस्तार किया गया है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुगम यात्रा विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया गया है। यह ट्रेनें अपनी मौजूदा समय-सारणी, कोच संयोजन और ठहराव के अनुसार ही चलेंगी।
आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल की समय-सारणी व ठहराव
गाड़ी संख्या 04008 (आनंद विहार टर्मिनल - जोगबनी) फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस की सेवाएं आगामी 10 अक्टूबर से 07 नवंबर 2026 तक कुल 05 फेरों के लिए संचालित की जाएंगी।
वहीं, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04007 (जोगबनी - आनंद विहार टर्मिनल) फेस्टिवल स्पेशल की सेवाएं 11 अक्टूबर से 08 नवंबर 2026 तक कुल 05 फेरों के लिए चलेंगी।
20 कोच वाली यह विशेष ट्रेन कटिहार रेल मंडल के फारबिसगंज, पूर्णिया जंक्शन, कटिहार और नवगछिया के साथ-साथ खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर, छपरा, गोरखपुर, गोंडा, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद आदि प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। सीमांचल से दिल्ली की ओर जाने वाले प्रवासियों और पर्व पर घर लौटने वाले लोगों को इससे सीधी राहत मिलेगी।
सांतरागाछी-नाहरलगुन स्पेशल के बढ़ाए गए 3 अतिरिक्त फेरे
सीपीआरओ ने आगे बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए ट्रेन संख्या 08047 (सांतरागाछी जंक्शन - नाहरलगुन) स्पेशल का परिचालन 11, 18 और 25 सितंबर 2026 को 3 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है। वापसी में ट्रेन संख्या 08048 (नाहरलगुन - सांतरागाछी जंक्शन) स्पेशल का परिचालन 12, 19 और 26 सितंबर 2026 को 3 अतिरिक्त फेरों के लिए किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन स्पेशल ट्रेनों के विस्तृत ठहराव व समय-सारणी की पुष्टि के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

