खाद की आपूर्ति में गड़बड़ी मिलने पर तुरंत नपेंगे डीलर

WhatsApp Channel Join Now
खाद की आपूर्ति में गड़बड़ी मिलने पर तुरंत नपेंगे डीलर


कटिहार, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले में किसानों को फसलों के लिए समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, निर्धारित मूल्य पर पारदर्शी बिक्री सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले में कार्यरत सभी उर्वरक उत्पादक कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिला कृषि पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में किसानों से निर्धारित दर से अधिक मूल्य नहीं वसूला जाएगा और उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। खुदरा विक्रेताओं को दुकानों पर स्टॉक व मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करनी होगी तथा प्रत्येक किसान को पीओएस मशीन से पक्की रसीद देनी होगी। पीओएस मशीन खराब होने की स्थिति में कंपनियां तुरंत तकनीशियन भेजकर उसे ठीक कराना सुनिश्चित करेंगी।

बैठक में मांग के अनुरूप प्रखंडवार संतुलित आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कंपनियों को रैक पॉइंट, डिस्पैच और खाद के जिले में आगमन की अग्रिम सूचना समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी क्षेत्र में कृत्रिम संकट न बने। साथ ही सीमावर्ती इलाकों से अवैध अथवा अमानक उर्वरक की आवक रोकने के लिए कंपनियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया।

किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक कंपनी को जिले में एक नोडल अधिकारी नामित कर उसका संपर्क नंबर कृषि विभाग को सौंपने और शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा किसानों को केवल यूरिया पर निर्भर रहने के बजाय संतुलित उपयोग एवं मृदा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक के अंत में सभी कंपनियों से अगले 15 दिनों की संभावित आपूर्ति, वर्तमान स्टॉक एवं प्रखंडवार वितरण योजना प्राप्त की गई। विभागीय स्तर पर जिले में खाद की उपलब्धता की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story