किशनपुर के खाद विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित
सुपौल, 19 नवंबर (हि.स.)। रबी फसल की बुआई शुरू होते ही जिले में खाद की बढ़ती खपत और जमाखोरी की आशंका को लेकर कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। खाद की उपलब्धता एवं खपत की समीक्षा के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में इस माह यूरिया और डीएपी की अधिक खपत सामने आने के बाद जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार, 19 नवंबर को जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सुपौल ने अधिक मात्रा में खाद बेचने वाले खुदरा विक्रेताओं और बड़ी मात्रा में खाद खरीदने वाले किसानों के यहां पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि कुछ किसानों ने आगामी रबी फसल की बुआई के लिए आवश्यक खाद की पूरी मात्रा एक ही बार में खरीदकर अपने घरों में भंडारित कर ली है। पूछताछ के दौरान कुछ किसानों ने बताया कि नए फर्टिलाइजर बुकिंग एप और भविष्य में खाद नहीं मिलने की आशंका के कारण उन्होंने एक साथ अधिक मात्रा में खाद खरीद ली।
इसी क्रम में कृषि अधिकारियों ने किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ पंचायत अंतर्गत खरिया गांव स्थित मेसर्स राकेश कुमार खाद-बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद वितरण में काफी अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद संबंधित प्रतिष्ठान का उर्वरक प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही खाद की खरीदारी करें। फसल की जरूरत के लिए एक साथ पूरी मात्रा में खाद खरीदकर घरों में भंडारण करने से बचें। विभाग के अनुसार वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से खेतों की मिट्टी की जांच कराने और जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुशंसित संतुलित मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फसल में अत्यधिक मात्रा में खाद का प्रयोग करने से बचना चाहिए। साथ ही किसानों को भरोसा दिलाया गया है कि जिले में खाद की उपलब्धता बनी हुई है और उन्हें अनावश्यक रूप से खाद खरीदकर जमा करने की जरूरत नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

