25 लाख की स्मैक के साथ तीन महिला तस्कर गिरफ्तार, एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कटिहार, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले के रौतारा थाना क्षेत्र में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 514 ग्राम अवैध स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त स्मैक का अनुमानित बाजार मूल्य 20 से 25 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस अधीक्षक से मिली जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर की रात्रि रौतारा थानाध्यक्ष एवं एसटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं पश्चिम बंगाल की ओर से अवैध मादक पदार्थ लेकर गोविंदपुर की ओर आ रही हैं। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के उद्देश्य से पुलिस व एसटीएफ द्वारा गोविंदपुर के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस बल को देखते ही तीन संदिग्ध महिलाएं भागने का प्रयास करने लगीं। महिला पुलिस बल के सहयोग से तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से 514 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल बरामद हुए।
पूर्णिया की रहने वाली हैं तीनों आरोपी
पकड़ी गई महिला अभियुक्तों की पहचान पूर्णिया जिले के बायसी थाना अंतर्गत जावर निवासी नाजरा खातून (45 वर्ष, पति मजबुल आलम), बलसो (55 वर्ष, पति मुक्तार आलम) और भबुदा खातून (30 वर्ष, पति मनोवर आलम) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद सामानों को जब्त कर तीनों महिला अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

