बूढ़ी कनकई नदी में बच्चे के डूबने की आशंका, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
बूढ़ी कनकई नदी में बच्चे के डूबने की आशंका, तलाश जारी


बूढ़ी कनकई नदी में बच्चे के डूबने की आशंका, तलाश जारी


किशनगंज, 21 जून (हि.स.)। नगर पंचायत पौआखाली के वार्ड संख्या-3 स्थित सिमलबाड़ी गांव में एक बच्चे के बूढ़ी कनकई नदी में डूब जाने की आशंका से इलाके में हड़कंप मच गया है।

परिजनों के अनुसार समीरूद्दीन के पुत्र समदानी दोपहर करीब एक बजे से लापता है। आशंका जताई जा रही है कि वह नदी में डूब गया या तेज धारा में बह गया है। बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

खोजबीन के दौरान नदी किनारे बच्चे के कपड़े मिलने से नदी में डूबने की आशंका और प्रबल हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पौआखाली थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

वहीं ठाकुरगंज अंचलाधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कराई। प्रशासन की ओर से बच्चे की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को सूचना भेज दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद नदी में सर्च अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम जैसा माहौल बना हुआ है और लोग बच्चे के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुटे रहे और खोज अभियान में सहयोग करते दिखे।

मौके पर नगर उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबुनसर समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं बुद्धिजीवी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सर्च अभियान में सहयोग करने की अपील की है। समाचार लिखे जाने तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका था तथा उसकी तलाश जारी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story