अपराधियों में कानून का डर और पीड़ितों में विश्वास पैदा करना सम्राट सरकार की प्रतिबद्धताः डॉ. प्रीति शेखर

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 01 मई (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि कल पूरे बिहार के डीएम एवं एसपी अधिकारियों के साथ आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों को लेकर सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति को और अधिक सख्ती से लागू करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।

प्रीति शेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा महिला हेल्पलाइन एवं सुरक्षा तंत्र को और सशक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर महिला और बच्ची अपने आपको सुरक्षित महसूस करे और समाज में भयमुक्त वातावरण कायम हो।

उन्होंने आगे कहा कि एनडीए सरकार के लिए नारी सम्मान और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री की यह पहल न केवल प्रशासनिक दृढ़ता को दर्शाती है, बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करती है।

प्रीति शेखर ने कहा कि यह निर्णय बिहार में सुशासन और संवेदनशील शासन व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और दोषियों के मन में कानून का भय पैदा होगा।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति मुख्यमंत्री के इस निर्णय का पूर्ण समर्थन करती है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर विश्वास रखती है कि सम्राट सरकार सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर महिला और बच्ची को सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त जीवन मिले। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story