शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, पिता-पुत्र की मौत, एक बच्ची घायल

WhatsApp Channel Join Now
शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, पिता-पुत्र की मौत, एक बच्ची घायल


मधेपुरा, 05 मार्च (हि.स.)। मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत मोरसंडा पंचायत के लभगरिया टोला, वार्ड संख्या–10 में बुधवार की देर रात करीब 11 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि घर के पास से गुजर रहे 11,000 वोल्ट के बिजली तार के कारण यह हादसा हुआ।

आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस हादसे में 15 वर्षीय बलराम कुमार (पिता – नरदेव मुनि) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आग में झुलसे नरदेव मुनि और 12 वर्षीय किरण कुमारी को इलाज के लिए चौसा सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया।

भागलपुर में भी प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर पटना भेजा गया। पटना ले जाने के दौरान खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के पास गुरुवार दिन करीब 11 बजे नरदेव मुनि की भी मौत हो गई।

घटना के बाद फुलौत थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मधेपुरा सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है।

इस हादसे में पिता-पुत्र सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय किरण कुमारी का इलाज जारी है।

आग की चपेट में आने से तीन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा 11,000 वोल्ट के बिजली तार को सुरक्षित कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story