राघोपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर टेंट में घुसी, दो युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now
राघोपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर टेंट में घुसी, दो युवक घायल


सुपौल, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही वार्ड-3 स्थित करजाइन रोड पर गुरुवार सुबह एनएच-131 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे टेंट में जा घुसी। इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

वाहन में सवार पांच लोगों में से दो युवक घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को हल्की चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीआर-50-एक्स-2214 नंबर की स्कॉर्पियो भीमनगर से सिमराही की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ जाने पर चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो पलटते हुए सड़क किनारे लगे टेंट में जा घुसी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय टेंट के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायलों की पहचान भीमनगर वार्ड-11 निवासी 20 वर्षीय रोहन गुप्ता और 19 वर्षीय अमृत सिंह के रूप में हुई है। दोनों का इलाज कराया गया है। वाहन में सवार अन्य तीन लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग भीमनगर से राघोपुर रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस संबंध में राघोपुर थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिल गई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story