सारण के किसान राज्य के बाहर प्रमुख संस्थानों में लेंगे विशेष प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सारण के किसान राज्य के बाहर प्रमुख संस्थानों में लेंगे विशेष प्रशिक्षण


सारण, 07 अगस्त (हि.स.)।समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण आत्मा शासी परिषद की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने आत्मा द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आउटकम असेसमेंट कराने का निर्देश दिया, ताकि किसानों की आय और उत्पादन में हुए सुधार का सही आकलन हो सके।

बैठक में किसानों को आधुनिक तकनीक सिखाने हेतु राज्य के बाहर उत्कृष्ट संस्थानों में प्रशिक्षित करने पर बल दिया गया। इसमें मशरूम उत्पादन हेतु हिमाचल प्रदेश, झींगा पालन के लिए ओडिशा, पुष्प उत्पादन हेतु पश्चिम बंगाल तथा गव्य उत्पादों के लिए हरियाणा भेजने का निर्णय हुआ।

इसके साथ ही हाइड्रोपोनिक्स, मोती उत्पादन एवं अलंकारी मत्स्य पालन जैसे नवाचारों को बढ़ावा देने और प्रगतिशील किसानों के खेतों पर प्रदर्शन आयोजनों के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने प्रगति पोर्टल समीक्षा के संदर्भ में एग्री-स्टैक के क्रियान्वयन और चुनौतियों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

उन्होंने विभागीय योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा फसल विविधीकरण एवं जल संरक्षण के प्रति किसानों को जागरूक करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story