बारिश से किसानों की उम्मीदें जगीं, बिचड़ा डालने की तैयारी में जुटे किसान
भागलपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। बीते दो दिनों की बारिश ने किसानों के मुरझाए चेहरे पर खुशी व दी है। किसानों ने पानी की कमी के कारण अब तक धान का बिचड़ा नहीं डाला था, वे अब अपने खेतों बिचड़ा डालने का काम शुरू कर चुके हैं। वहीं वैसे किसान जिन्हें पानी की सुविधा है, वो अब धान की बुआई में जुट गए हैं।
मौसम विभाग ने भी आगामी 15 जुलाई तक जिले में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। जिससे आने वाले दिनों में कृषि कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
रविवार को भी सुबह हल्की बारिश हुई है। मौसम के अनुसार अभी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं शनिवार की सुबह से जिले के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर हो रही रिमझिम बारिश ने न सिर्फ तापमान में गिरावट दर्ज की है, बल्कि कृषि कार्य के लिए माहौल को बेहद अनुकूल बना दिया है।
किसान अब बिना समय गंवाए धान की बुआई और बिचड़ा तैयार करने में जुट गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि वर्तमान में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और आने वाले दिनों में भागलपुर में और भी अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।
जुलाई की इस मानसूनी बारिश से सिर्फ किसान ही नहीं, बल्कि जिला कृषि विभाग ने भी बड़ी राहत की सांस ली है। उल्लेखनीय है कि इस साल अप्रैल से लेकर जून महीने के अंत तक सही तरीके से बारिश नहीं होने के कारण कृषि विभाग की चिंताएं चरम पर थीं।
जून बीतने तक जिले के कुछ ही हेक्टेयर खेतों में किसान धान का बिचड़ा डाल पाए थे, जिससे विभाग द्वारा तय किए गए धान की खेती के कुल रकबे को हासिल करना नामुमकिन लग रहा था।
लगातार कम बारिश से विभाग को जिले में सूखे की स्थिति उत्पन्न होने का डर सता रहा था, लेकिन जुलाई की इस बारिश ने विभागीय अधिकारियों और अन्नदाताओं के उस डर को पूरी तरह खत्म कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

