बाढ़ के पानी को बनाया कमाई का जरिया, सिंघाड़े की खेती से किसान को मिली सफलता

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ के पानी को बनाया कमाई का जरिया, सिंघाड़े की खेती से किसान को मिली सफलता


दरभंगा, 09 नवंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत कोसी और कमला बलान नदियों से घिरे कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में बाढ़ और जलजमाव जहां हर साल किसानों के लिए परेशानी का सबब बनता है, वहीं उसरी पंचायत के अरराही गांव निवासी किसान जवाहर पोद्दार ने इसी पानी को कमाई का जरिया बना लिया है। पारंपरिक धान की खेती से अलग हटकर उन्होंने पहली बार सिंघाड़े की खेती की और बेहतर उत्पादन हासिल कर क्षेत्र के किसानों के सामने एक नया विकल्प प्रस्तुत किया है।

किसान जवाहर पोद्दार ने बताया कि 10 कट्ठा जमीन में सिंघाड़े की खेती पर महज 2700 रुपये खर्च हुए। करीब दो माह पांच दिन में फसल तैयार हो गई और लगभग 10 क्विंटल सिंघाड़े का उत्पादन हुआ। फिलहाल बाजार में सिंघाड़ा 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। लोक आस्था के महापर्व छठ में प्रसाद के रूप में इसकी मांग बढ़ने से अच्छी आमदनी की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण धान की फसल बर्बाद होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सिंघाड़े की खेती उनके लिए कम लागत में बेहतर उत्पादन देने वाला विकल्प साबित हुई है। जवाहर पोद्दार का यह प्रयोग बाढ़ प्रभावित इलाके के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है।

स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों को अभिशाप मानने के बजाय उसका कृषि उपयोग करने की यह पहल बताती है कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में भी खेती की संभावनाएं तलाशकर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774590 Articles

Share this story