किसान रजिस्ट्री में बिहार में दूसरे स्थान पर पहुंचा कटिहार, 99 प्रतिशत धान की बुआई पूरी
कटिहार, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले में खरीफ मौसम 2026 के तहत लक्ष्य के विरुद्ध अब तक लगभग 99 प्रतिशत क्षेत्र में धान की बुआई पूरी हो चुकी है, वहीं 2.24 लाख से अधिक किसानों के पंजीकरण के साथ कटिहार जिला 'किसान रजिस्ट्री' में पूरे बिहार में दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। यह जानकारी शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने की।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि खरीफ मौसम 2026 के लिए जिले में कुल 1,00,979.94 हेक्टेयर में फसल आच्छादन का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके विरुद्ध अब तक 92,138.44 हेक्टेयर में धान की बुआई संपन्न हो चुकी है। इसके साथ ही अत्यधिक वर्षापात, बाढ़ अथवा सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए जिले में आकस्मिक फसल योजना भी तैयार रखी गई है।
उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों को निर्धारित व उचित मूल्य पर खाद मिले, इसके लिए दुकानों और आपूर्ति केंद्रों की निरंतर निगरानी व जांच की जा रही है।
जिले में 20 से 25 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 अगस्त तक कुल 2,24,308 किसानों की रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है, जिसके दम पर कटिहार ने राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा विभागीय योजनाओं की सीधी जानकारी देने के लिए बनाए गए 'बिहार कृषि ऐप' से जिले के 55,534 किसानों को जोड़ा जा चुका है।
बैठक में पशुपालन, मत्स्य, गव्य तथा सिंचाई व लघु सिंचाई प्रमंडल की योजनाओं की भी प्रगति जांची गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ योजनाओं का ससमय और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। बैठक में कृषि व संबंधित विभागों के तमाम जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

