प्रत्येक पंचायत में 1,000 किसानों का होगा पंजीकरण

WhatsApp Channel Join Now
प्रत्येक पंचायत में 1,000 किसानों का होगा पंजीकरण


कटिहार, 28 जुलाई (हि. स.)। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की व्यापक समीक्षा हेतु मंगलवार को जिला कृषि कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। पूर्णियाँ प्रमंडल के संयुक्त निदेशक (शष्य) श्री मनोज कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए दुकानों की रोजाना सघन जांच करने और सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक के मुख्य बिंदुओं के तहत संयुक्त निदेशक ने जिले के सभी थोक एवं खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उर्वरक विक्रेताओं द्वारा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं एवं अपने अधीनस्थ उर्वरक निरीक्षकों के माध्यम से प्रतिदिन कम-से-कम 10 उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर ऑनलाइन प्रतिवेदन अपलोड करें तथा स्टॉक पंजी, विक्रय पंजी, मूल्य सूची और पॉस मशीन का अद्यतन सत्यापन सुनिश्चित करें।

डिजिटल पंजीकरण और फसल आच्छादन पर जोर देते हुए बिहार कृषि एप के माध्यम से किसानों का पंजीकरण निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने को कहा गया है। इसके साथ ही, खरीफ फसल आच्छादन का वास्तविक एवं सत्यापित आंकड़ा प्रतिदिन ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने तथा प्रत्येक पंचायत में 1,000 किसानों का पंजीकरण कराने का कड़ा निर्देश दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, धरती बचाओ अभियान, किसान पाठशाला, उर्वरक नमूना संग्रहण और उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इसके अलावा आत्मा योजना के अंतर्गत किसानों के क्षमता विकास पर विशेष बल देते हुए योग्य व प्रगतिशील किसानों का चयन कर राज्य के भीतर तथा बाहर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया, जिससे आधुनिक कृषि तकनीकों का अधिकाधिक लाभ किसानों तक पहुँच सके।

बैठक के अंत में जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार ने सभी विभागीय अधिकारियों से कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सेवाएँ उपलब्ध कराने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सभी प्रखंड कृषि अधिकारी, सहायक व उप निदेशक स्तर के तमाम प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story