किसान रजिस्ट्रेशन का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 04 फरवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कदवा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में चल रहे किसान पंजीकरण का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण की प्रगति, लंबित आवेदनों की स्थिति और किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रखंड मुख्यालय में किसान पंजीकरण से संबंधित अभिलेखों, प्रपत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान पंजीकरण से जुड़े सभी कागजातों को शीघ्र पूर्ण कर प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाए।

डीएम ने सागरथ पंचायत और गेठौरा पंचायत में जमीनी स्तर पर चल रहे किसान रजिस्ट्रेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों की उपस्थिति, ऑनलाइन प्रविष्टि, सत्यापन प्रक्रिया और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान मोड में कार्य करते हुए अधिक से अधिक किसानों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसान पंजीकरण राज्य सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story