जमीन विवाद में अधेड़ पर लोहे की रॉड से हमला, भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
जमीन विवाद में अधेड़ पर लोहे की रॉड से हमला, भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत


भागलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कमर गामा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक 55 वर्षीय व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हिंसक झड़प में बुरी तरह घायल हुए श्रीकांत सिंह की बुधवार को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कमर गामा गांव के रहने वाले श्रीकांत सिंह का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजन ने आरोप लगाया है कि इसी विवाद को लेकर घात लगाए हमलावरों ने श्रीकांत सिंह को घेर लिया और उन पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों की बेरहमी के कारण श्रीकांत सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस मामले में मृतक के परिजन ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलते ही तारापुर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन विवाद के इस खूनी खेल में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story