सर्पदंश से किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बिरौल प्रखंड अंतर्गत दशहरा के दिन जहां लोग पर्व की खुशियां मना रहे थे, वहीं कमालपुर गांव में सर्पदंश से 55 वर्षीय किसान उमेशी राम की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सामने अब भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।

परिजन के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 1 बजे उमेशी राम खेत में पटवन कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ी में छिपे जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल बिरौल अनुमंडलीय अस्पताल ले गए।

अस्पताल के उपाधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार करते हुए एबीएस की 10 वायल खुराक दी, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें डीएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीण संजय राम ने बताया कि उमेशी राम खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी बच्चिया देवी, दो पुत्रियां काजल कुमारी एवं कोमल कुमारी तथा पुत्र दिलखुश कुमार हैं। तीनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट गहरा गया है।

पंचायत की मुखिया पूजा कुमारी ने घटना पर दुख जताते हुए इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। दशहरा के दिन हुई इस दुखद घटना से कमालपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story