खेत में लगी आग से एक बीघा धान की फसल जलकर राख, किसान को करीब एक लाख का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
खेत में लगी आग से एक बीघा धान की फसल जलकर राख, किसान को करीब एक लाख का नुकसान


सुपौल, 13 नवंबर (हि.स.)। बसंतपुर प्रखंड के बसंतपुर वार्ड संख्या 5 में शुक्रवार की अहले सुबह अचानक आग लगने से किसान जमील अख्तर की करीब एक बीघा धान की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। आग की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरी फसल जल चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, किसान जमील अख्तर ने अपनी एक बीघा धान की फसल काटकर खेत में एक जगह जमा कर रखी थी। शुक्रवार की सुबह अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम तथा भीमनगर थाना की डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक धान की पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। किसान के अनुसार, जली हुई फसल की कीमत करीब एक लाख रुपये है।

हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा जानबूझकर फसल में आग लगाई गई हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में बसंतपुर के अंचलाधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। वे मौके पर जाकर मामले की जांच करेंगे। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story