अमरपुर में खेत विवाद मे घायल राजेश कापरी की मौत

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर के मायागंज अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के दौरान बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कजरा गांव निवासी राजेश कापरी की मौत हो गई। वे कजरा गांव के समीप खेत में हुए विवाद के बाद हुई हिंसक मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया है।

मृतक के बड़े भाई के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे की है। खेत के पास आपसी बातचीत और चिढ़ाने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया।

आरोप है कि चार से पांच लोगों ने मिलकर हमला बोल दिया और हथियार के कुंदे से बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में चार से पांच लोग घायल हुए, जिनमें राजेश कापरी के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

वहीं, अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मृतक राजेश कापरी खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिवार के सामने अब भरण-पोषण व रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने राजकुमार यादव, दिनेश यादव समेत अन्य लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।

मायागंज अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और पुलिस फर्दबयान के बीच शोकाकुल परिजनों ने प्रशासन से नामजद आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784036 Articles

Share this story