फोर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को दी गई विदाई

WhatsApp Channel Join Now
फोर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को दी गई विदाई


भागलपुर, 15 मई (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय इतिहास विभाग में शुक्रवार को सत्र 2024 - 26 के छात्रों का विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्षा प्रो.अर्चना कुमारी साह के नेतृत्व में संपन्न हुआ और इस अवसर पर विभाग के वरीय शिक्षक डॉ.आनंद कुमार झा, डॉ.राजशेखर, डॉ.राधिका मिश्रा, डॉ.मल्लिका मंजरी और टीएनबी कॉलेज इतिहास विभाग के शिक्षक डॉ. रवि शंकर कुमार चौधरी ने इस अवसर पर दीप प्रज्वलित कर छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें अपना आशीर्वचन दिया एवं छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। विभागाध्यक्षा प्रो.अर्चना कुमारी साह ने कहा कि एक ओर गर्व है कि हमारे विद्यार्थी अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव को सफलतापूर्वक पूरा कर आगे बढ़ रहे हैं, तो दूसरी ओर मन में हल्की-सी उदासी भी है, क्योंकि जिन बच्चों की चहल-पहल से यह परिसर हमेशा जीवंत रहता था, वे आज नई मंज़िलों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। डॉ राधिका मिश्रा ने बच्चों को

आशीर्वचन देते हुए कहा कि आज जब आप इस संस्थान से आगे बढ़ रहे हैं, तो याद रखिए कि सफलता केवल ऊँचे पद या अधिक धन से नहीं मापी जाती। वास्तविक सफलता वह है जिसमें इंसान अपने ज्ञान, अपने संस्कार और अपने व्यवहार से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सके। डॉ रवि शंकर चौधरी ने कहा कि जीवन में चुनौतियां आएगी, असफलताएं भी मिलेगी, लोग आपको गिराने का भी प्रयास करेंगे लेकिन वही व्यक्ति आगे बढ़ता है जो संघर्ष से घबराता नहीं। मुझे विश्वास है कि आप सभी आने वाले समय में अपने सपनों को अवश्य पूरा करेंगे। कोई शिक्षक बनेगा, कोई प्रशासनिक अधिकारी, कोई शोधकर्ता, कोई उद्यमी, तो कोई समाजसेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देगा लेकिन जहाँ भी रहें, अपने भीतर के अच्छे इंसान को हमेशा जीवित रखिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story