परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी पर जोर, 29 से दंपति संपर्क सप्ताह 19 दिसंबर तक चलेगा पुरुष नसबंदी पखवाड़ा

WhatsApp Channel Join Now
परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी पर जोर, 29 से दंपति संपर्क सप्ताह 19 दिसंबर तक चलेगा पुरुष नसबंदी पखवाड़ा


सुपौल, 28 नवंबर (हि.स.)। परिवार नियोजन की जिम्मेदारी केवल महिलाओं की नहीं, बल्कि पुरुषों की भी है। इसी सोच को समाज में मजबूत करने और परिवार नियोजन कार्यक्रम में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत जिले में 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक दंपति संपर्क सप्ताह तथा 7 से 19 दिसंबर 2026 तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के प्रति जागरूक करने के साथ पुरुष नसबंदी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इसको लेकर शनिवार को सदर अस्पताल, सुपौल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) बालकृष्ण चौधरी, चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं नर्सिंग की छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में परिवार नियोजन के महत्व, पुरुष नसबंदी की प्रक्रिया और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीपीएम बालकृष्ण चौधरी ने कहा कि अभियान की प्राथमिकता एक या दो बच्चे वाले दंपतियों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना है। परिवार को सीमित और खुशहाल रखने की जिम्मेदारी पति-पत्नी दोनों की समान है। इसलिए पुरुषों को भी परिवार नियोजन के निर्णय में आगे आना चाहिए। उन्होंने पुरुष नसबंदी को सरल, सुरक्षित और कम समय में पूरी होने वाली प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इसमें सामान्यतः आधे घंटे के बाद लाभार्थी घर जा सकते हैं। उन्होंने पुरुषों से अपील की कि वे सामाजिक झिझक और गलत धारणाओं को छोड़कर परिवार नियोजन की जिम्मेदारी में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

2018 का रिकॉर्ड दोहराने की तैयारी

डीपीएम ने बताया कि वर्ष 2018 में पुरुष नसबंदी पखवाड़े के दौरान सुपौल जिला पूरे बिहार में पहले स्थान पर रहा था। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि इस बार भी जिले की टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए उस उपलब्धि को दोहराए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। चिकित्सा पदाधिकारियों को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से कम्युनिटी नीड असेसमेंट (सीएनए) प्रपत्र भरवाने तथा योग्य दंपतियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। इसके आधार पर इच्छुक लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें परिवार नियोजन के उपयुक्त साधनों की जानकारी और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। दंपतियों की जरूरत और सहमति के अनुसार गर्भनिरोधक साधनों के चयन के लिए परामर्श भी दिया जाएगा। वहीं, पुरुष नसबंदी पखवाड़े के दौरान इच्छुक पुरुषों को नसबंदी के लिए प्रेरित कर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्भनिरोधक गोलियां, कॉपर-टी, कंडोम, गर्भनिरोधक इंजेक्शन, पुरुष नसबंदी और महिला बंध्याकरण जैसी सुविधाएं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दंपतियों को अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार परिवार नियोजन का विकल्प चुनने में मदद मिलेगी।

अभियान के तहत पुरुष नसबंदी कराने वाले लाभार्थी को तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। वहीं, लाभार्थी को नसबंदी के लिए प्रेरित करने वाले उत्प्रेरक को 400 रुपये दिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस पहल से पुरुषों की भागीदारी बढ़ेगी और परिवार नियोजन को लेकर समाज में सकारात्मक माहौल तैयार होगा।

नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान एएनएम की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर परिवार नियोजन का संदेश दिया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि परिवार नियोजन केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पुरुषों को भी इसमें बराबर की भूमिका निभानी चाहिए। छात्राओं ने सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने और छोटे परिवार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

स्वास्थ्य विभाग का मुख्य उद्देश्य पुरुष नसबंदी को लेकर समाज में फैली गलतफहमियों को दूर करना, योग्य दंपतियों को सही जानकारी देना और परिवार नियोजन के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देना है। विभाग ने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट है— परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी, खुशहाल परिवार की जिम्मेदारी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story