मिसाइल अटैक में कहलगांव के लाल की मौत, अंतिम दर्शन को तरस रहा परिवार

WhatsApp Channel Join Now
मिसाइल अटैक में कहलगांव के लाल की मौत, अंतिम दर्शन को तरस रहा परिवार


भागलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध ने अब बिहार के भागलपुर जिले के एक घर का चिराग बुझा दिया है। कहलगांव के रानी बमियां गांव निवासी देवनंदन प्रसाद सिंह की मिसाइल हमले में मौत हो गई है। देवनंदन प्रसाद सिंह अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनी में एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात थे और सेफसी विष्णु नामक ऑयल टैंकर पर ड्यूटी कर रहे थे। यह जहाज बसरा इराक से निकलकर फुजारह होते हुए सिंगापुर की ओर जा रहा था तथा मार्शल इसलैंड्स के झंडे के तहत संचालित हो रहा था।

बताया जा रहा है कि जहाज की आखिरी लोकेशन बसरा के पास थी। बुधवार की रात क्षेत्र में जारी तनाव के बीच अचानक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ, जिसमें देवनंदन प्रसाद सिंह की जान चली गई। कंपनी ने इस दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची पूरे इलाके में मातम छा गया। घर में चीख-पुकार मच गई पत्नी, भाई और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी और भाई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार सरकार से गुहार लगा रहा है कि किसी भी तरह उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार से पहले वे अंतिम दर्शन कर सकें। एक इंजीनियर जो समुद्र पार देश का नाम रोशन कर रहा था अब तिरंगे में लिपटकर घर लौटे। यही इंतजार आज उसके गांव की हर आंख कर रही है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गहरा सदमा बनकर सामने आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story