भीषण सड़क हादसे में उजड़ा परिवार, मां-बेटी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
भीषण सड़क हादसे में उजड़ा परिवार, मां-बेटी की मौत


भीषण सड़क हादसे में उजड़ा परिवार, मां-बेटी की मौत


किशनगंज, 07 नवंबर (हि.स.)। किशनगंज प्रखंड की टेऊसा पंचायत में शुक्रवार की शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में मां और उनकी छह माह की मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पूरब बस्ती निवासी जुबेर आलम की पत्नी सग्गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी छह माह की दुधमुंही बेटी मरियम ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

एक ही हादसे में मां-बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब छह बजे जुबेर आलम अपनी पत्नी सग्गुप्ता और छह माह की बच्ची मरियम को मोटरसाइकिल पर लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ठौआपाड़ा कब्रिस्तान के समीप सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सग्गुप्ता उछलकर पक्की सड़क पर जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में छह माह की मासूम मरियम भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल सदर अस्पताल किशनगंज ले जाया जाने लगा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरी मोटरसाइकिल के चालक को पकड़ लिया।सूचना मिलते ही एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की और दूसरी बाइक के चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं, सदर विधायक कमरुल हुदा भी मौके पर पहुंचे और मृतका के पति जुबेर आलम सहित परिजन से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मैनुद्दीन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्नी और मासूम बेटी को एक साथ खोने के बाद जुबेर आलम का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773737 Articles

Share this story