फर्जी जमाबंदी कर पैतृक जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

WhatsApp Channel Join Now
फर्जी जमाबंदी कर पैतृक जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार


सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड के सखुआ वार्ड संख्या-1 में फर्जी जमाबंदी के जरिए पैतृक जमीन हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है।

पीड़ित ब्रह्मदेव यादव ने जिलाधिकारी सुपौल को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी पूर्वजों की जमीन पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से जमाबंदी दर्ज करा ली गई है। इतना ही नहीं, आरोपितों द्वारा जमीन पर जबरन जोत-आबाद कर खेती की जा रही है तथा विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। आवेदन के अनुसार, मौजा सखुआ, खाता संख्या-3 के विभिन्न खेसरों की भूमि उनके परिवार की पैतृक संपत्ति है, जिस पर वर्षों से उनका कब्जा रहा है।

आरोप है कि कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से कूट रचित दस्तावेज तैयार कर 7 मई 2023 को बिना पर्याप्त साक्ष्य एवं वैध अभिलेखों के जमाबंदी संख्या-1788 में अपने नाम प्रविष्टि करा ली। पीड़ित का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर सरकारी अभिलेखों से छेड़छाड़ की गई। ब्रह्मदेव यादव ने आवेदन में कहा है कि वे लंबे समय से अंचल कार्यालय से लेकर न्यायालय तक न्याय के लिए भटक रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उन्होंने सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत संबंधित अभिलेखों की भी मांग की है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर फर्जी जमाबंदी रद्द करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी पैतृक भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story