फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का खुलासा,चार गिरफ्तार
अररिया 14 अप्रैल(हि.स.)।जिले की पलासी थाना पुलिस ने सोहन्दर हाट में अभिषेक कुमार बहरदार के मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में छापेमारी कर अनाधिकृत और अवैध रूप से फर्जी आईडी पर आधार कार्ड सहित अन्य प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है।मौके से पुलिस ने लैपटॉप,फिंगर प्रिंट डिवाइस,आइरिस डिवाइस,प्रिंटर सहित बड़ी संख्या में जन्म प्रमाण पत्र,बिहार विद्यालय परिक्षा समिति के प्रमाण पत्र,आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति समेत आधार कार्ड का फॉर्म,कर्नाटक के आईडी से बने एनरोलमेंट रसीद,बिहार सरकार की आईडी से बने जन्म प्रमाण पत्र और अन्य कागजात बरामद किए हैं।मामले में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी सदर डीएसपी सुशील कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों में पलासी थाना क्षेत्र के सोहन्दर वार्ड संख्या 3 के रहने वाले 22 वर्षीय अभिषेक कुमार बहरदार पिता दिनेश बहरदार, काशीबाड़ी के 25 वर्षीय मुर्शीद आलम पिता मो.यासीन और किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के हरिभाषा वार्ड संख्या 11 के रहने वाले 23 वर्षीय मनीष कुमार बहरदार पिता श्रीलाल बहरदार और 22 वर्षीय शशि कुमार पिता किशोर बहरदार है।
डीएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार से बाहर दूसरे राज्य के आईडी से अनाधिकृत और अवैध रूप से आईडी कार्ड,जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्र मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में बनाने की सूचना मिली थी जिसको लेकर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार और पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया।छापामारी टीम ने छापामारी कर मौके से ही चार गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया।
अनाधिकृत और अवैध रूप से मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में कर्नाटक,मध्यप्रदेश दिल्ली समेत अन्य राज्यों के फर्जी आईडी पर आधार कार्ड का निर्माण के साथ ही आधार कार्ड का अपडेशन और अन्य प्रमाण पत्र बनाने का काम करता था।मौके से पुलिस ने एक लैपटॉप,छह मोबाइल,फिंगर प्रिंट डिवाइस,आइरिस डिवाइस,प्रिंटर,कर्नाटक,दिल्ली नगर निगम और बिहार सरकार के आईडी पर बने दस्तावेज सहित आधार कार्ड का फॉर्म,पांच आधार कार्ड,लैपटॉप से स्टेटस रिपोर्ट आदि बरामद किया गया है।गिरफ्तार चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

