नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, दर्जनों बच्चों की हुई आंखों की जांच
अररिया 01 अगस्त(हि.स.)। बच्चों में बढ़ते नेत्र संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लायंस नेत्रालय की ओर से शनिवार को पाई वर्ल्ड स्कूल परिसर में विशेष नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, जहां दर्जनों छात्र-छात्राओं की आंखों की विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई।
शिविर के दौरान बच्चों की दृष्टि क्षमता, आंखों की रोशनी तथा अन्य संभावित नेत्र संबंधी समस्याओं की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान जिन बच्चों में दृष्टि दोष पाया गया, उन्हें आगे की चिकित्सा एवं चश्मा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से जोड़ा गया।
इस अवसर पर लायंस नेत्रालय के मैनेजर रोबिन सिंह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य स्कूली बच्चों में नेत्र रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि शिविर में जिन बच्चों को चश्मे की आवश्यकता होती है, उनका कार्ड बनाकर उन्हें नि:शुल्क अथवा रियायती दर पर चश्मा उपलब्ध कराया जाता है, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी बच्चा बेहतर दृष्टि से वंचित न रहे।
पाई वर्ल्ड स्कूल के निदेशक कार्तिक सिंह ने लायंस नेत्रालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि कई बार छोटे बच्चे अपनी आंखों की परेशानी बता नहीं पाते। ऐसे में विद्यालय में आयोजित नेत्र जांच शिविर के माध्यम से समय रहते समस्या का पता चल जाता है और उचित उपचार संभव हो पाता है।
विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई। शिविर के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं लायंस नेत्रालय की टीम ने बच्चों को आंखों की देखभाल, स्वच्छता तथा नियमित जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

