नेत्रदान महादान का संदेश लेकर निकली महापदयात्रा

WhatsApp Channel Join Now
नेत्रदान महादान का संदेश लेकर निकली महापदयात्रा


सुपौल, 19 सितंबर (हि.स.)। दधीचि देह दान समिति, सुपौल एवं मारवाड़ी महिला समिति, सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में नेत्रदान महादान को लेकर शनिवार को जनजागृति महापदयात्रा निकाली गई। स्थानीय व्यापार संघ सभा भवन से शुरू हुई पदयात्रा का नेतृत्व जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू और मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने किया। इसमें शहर के बुद्धिजीवियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के अलावा आसपास के जिलों से पहुंचे प्रतिनिधिमंडलों ने भी भाग लिया। पदयात्रा में बच्चों की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

डीएम, एसडीओ सहित अन्य गणमान्य लोगों के साथ बच्चों ने हाथों में नेत्रदान महादान से संबंधित तख्तियां लेकर पूरे शहर में जागरूकता का संदेश दिया। रैली व्यापार संघ सभा भवन से स्टेशन चौक, लोहिया नगर चौक और महावीर चौक होते हुए पुनः व्यापार संघ सभा भवन पहुंची, जहां यह सभा में तब्दील हो गई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने नेत्रदान को लेकर समाज में फैली विभिन्न भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। बताया गया कि नेत्रदान करने से मृतक के चेहरे की सुंदरता पर कोई असर नहीं पड़ता है और न ही इससे किसी तरह की परेशानी होती है। मृत्यु के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर नेत्रदान किया जा सकता है। लोगों से नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

को संबोधित करते हुए डीएम सावन कुमार एवं सिविल सर्जन बाबू साहब झा ने जिला अस्पताल में आई बैंक की स्थापना की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार से इस संबंध में मांग कर जल्द ही ठोस कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।

सभा के दौरान 11 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया। आयोजकों ने इसे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम का संचालन समिति के मीडिया प्रभारी पवन अग्रवाल ने किया। समापन भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष शरद मोहनका ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story