स्व. कमलेश चोपड़ा का निधन,परिजनों को सहमति पर हुआ नेत्रदान
अररिया 29 मार्च(हि.स.)।
फारबिसगंज स्थित चोपड़ा परिवार ने समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्व. कमलेश जी चोपड़ा के निधन के उपरांत रविवार को उनके परिजनों ने नेत्रदान का ऐतिहासिक एवं मानवीय निर्णय लिया। इस पुनीत कार्य के लिए फारबिसगंज तेरापंथ युवक परिषद ने चोपड़ा परिवार के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता प्रकट की।तेरापंथ युवक परिषद के सदस्यों ने ही निधन के बाद शोकाकुल परिजनों से नश्वर शरीर से नेत्रदान की अपील की,जिस पर परिजनों ने सहमति दी।
मिली जानकारी के अनुसार, स्व. कमलेश चोपड़ा के पुत्र पारस चोपड़ा एवं शोकाकुल परिवार के अन्य सदस्यों ने नेत्रदान की सहमति दी।नेत्रदान की प्रक्रिया कटिहार मेडिकल के डॉ. अभिनव और उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा संपन्न की गई।
इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष आशीष गोलछा ने कहा कि परिवारजनों की सहमति एवं प्रेरणा से किया गया यह परमार्थ कार्य संपूर्ण समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। वहीं, परिषद के नेत्रदान संयोजक पंकज नाहटा ने कहा कि यह निर्णय केवल मानवीय सेवा का एक अनुपम उदाहरण ही नहीं है, बल्कि मृत्यु के बाद भी दूसरों के जीवन को रोशन करने का पावन कार्य है।
दधीचि देहदान जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की विनती की तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की विनती की।
दधीचि देहदान समिति एवं तेरापंथ युवक परिषद के संयुक्त प्रयास से शहर का 22 वां नेत्रदान हुआ है। मौके पर तेरापंथ सभा अध्यक्ष महेंद्र बेद, मंत्री मनोज भंसाली, दधीचि देहदान समिति अध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल, राकेश बोथरा, पंकज बोथरा, नीरज बोथरा, विनोद राखेचा, दीपक समदरिया, पंकज समदरिया, सुमन डागा, बछराज राखेचा, कमल दूगड़ आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

