रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, हथियार और कारतूस के साथ 5 अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, हथियार और कारतूस के साथ 5 अपराधी गिरफ्तार


रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, हथियार और कारतूस के साथ 5 अपराधी गिरफ्तार


कटिहार, 23 अगस्त (हि. स.)। नगर थाना पुलिस ने एक व्यवसायी से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए गिरोह के 5 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक देशी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस, 2 खोखा और वारदात में प्रयुक्त 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

घटना के संबंध में नया टोला (रामकंदू स्कूल चौक) निवासी वादी राजीव कुमार ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर बताया था कि 16 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर उनसे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस शिकायत पर नगर थाना में कांड संख्या- 941/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर 'वसुंधरा बिहार' के समीप घेराबंदी कर छापेमारी की और घटना में शामिल पांचों अभियुक्तों को रंगे हाथ दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हफलगंज निवासी अंशु राज (19 वर्ष), नया टोला निवासी विवेक गामी (21 वर्ष), नया टोला निवासी श्याम कुमार मांझी (25 वर्ष), रामपाड़ा निवासी सानी पासवान (30 वर्ष) और वर्मा नगर निवासी रंजित कुमार राम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सानी पासवान का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ नगर थाना में पूर्व से मारपीट और रंगदारी से जुड़ा मामला (कांड सं.- 421/23) दर्ज है। पुलिस सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story