छठ पूजा को लेकर किशनगंज में सुरक्षा का व्यापक इंतजाम, 362 से अधिक संवेदनशील स्थलों पर रहेगी प्रशासन की नजर

WhatsApp Channel Join Now
छठ पूजा को लेकर किशनगंज में सुरक्षा का व्यापक इंतजाम, 362 से अधिक संवेदनशील स्थलों पर रहेगी प्रशासन की नजर


किशनगंज, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 362 से अधिक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। घाटों से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त आदेश के तहत जिले में छह जोनल गश्ती दल बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 350 दंडाधिकारी, 365 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तथा चौकीदार सहित कुल 1615 पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नौ त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। इसमें बाइक क्यूआरटी, सोशल मीडिया क्यूआरटी और साइबर क्यूआरटी भी शामिल हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने 5775 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की है, जबकि 1280 लोगों के विरुद्ध बाउंड डाउन की कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा थाना गश्ती और बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। गश्ती दल अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे तथा प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करेंगे। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए साइबर थाना और जिलास्तरीय सोशल मीडिया सेल को सक्रिय किया गया है। सभी थानों में शांति समिति की बैठक कर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

प्रशासन ने पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक रखने और उन्हें पहचान पत्र जारी करने का निर्देश दिया है। जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। वहीं, छठ घाटों की वीडियोग्राफी के साथ ड्रोन कैमरों से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन, बिजली एवं स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रखा गया है। घाटों पर अग्निशमन वाहन, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776829 Articles

Share this story