जर्दालू आम के निर्यात को नई उम्मीद, भागलपुर के किसानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
जर्दालू आम के निर्यात को नई उम्मीद, भागलपुर के किसानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं


भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने भागलपुर की पहचान और गौरव जीआई टैग प्राप्त जर्दालू आम के निर्यात, मौसम की चुनौतियों, परिवहन व्यवस्था और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर लोकसभा में प्रश्न संख्या 3788 के माध्यम से केंद्र सरकार से जानकारी मांगी थी।

मंगलवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने इस प्रश्न का आधिकारिक और विस्तृत जवाब लोकसभा में दिया। सरकार ने बताया है कि अनियोजित गर्मी या बारिश के कारण जर्दालू आम के निर्यात में किसी बड़ी गिरावट या फसल को हुए बड़े नुकसान की आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। खाड़ी और यूरोपीय बाजारों में निर्यात की स्थिति खाड़ी देशों में जर्दालू आम के निर्यात के लिए वेपर हीट ट्रीटमेंट या विशेष हॉट वॉटर ट्रीटमेंट अनिवार्य नहीं है। इसके लिए सामान्य फाइटोसैनिटरी नियमों का पालन करना होता है।

सरकार के अनुसार, यूरोपीय संघ और खाड़ी देशों में जर्दालू आम में कीटनाशक अवशेष या निर्यात नियमों के उल्लंघन से जुड़ी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पटना एयरपोर्ट पर 21,900 मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाला एयर कार्गो टर्मिनल और कोल्ड स्टोरेज सुविधा शुरू की गई है। इससे जर्दालू आम को सुरक्षित तरीके से देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। भागलपुर के किसानों और निर्यातकों को इंफ्रास्ट्रक्चर, गुणवत्ता सुधार और नए विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए सहायता दी जा रही है। सरकार के अनुसार, वर्ष 2026 में जीआई टैग प्राप्त जर्दालू आम की यूके और मिडिल ईस्ट के देशों में ट्रायल तथा कमर्शियल शिपमेंट सफलतापूर्वक भेजी गई है।

सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर का जर्दालू आम हमारी सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान है। हमारा प्रयास है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का सीधा लाभ भागलपुर के किसानों को मिले। जर्दालू आम को देश और दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाने के साथ-साथ भागलपुर का नाम पूरी दुनिया में रोशन करने के लिए हम लगातार प्रयास करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story