जनगणना कार्य में बाधा डालने पर प्रधानाध्यापक समेत 23 कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 27 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना कार्य में कोताही बरतने और अनुशासनहीनता दिखाने वाले कर्मियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने परसा प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय, अंजनी के प्रधानाध्यापक सह पर्यवेक्षक आनंदी प्रसाद पर जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 क क के तहत ₹1,000 का अर्थदंड लगाया है। जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा दिए गए जानकारी के अनुसार उक्त शिक्षक 23 अप्रैल को प्रशिक्षण से बिना सूचना गायब रहे और अगले दिन प्रशिक्षण के दौरान अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर अन्य प्रशिक्षुओं को भड़काने का प्रयास किया। जिलाधिकारी ने इसे राष्ट्रहित की अवहेलना मानते हुए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर आरोपी शिक्षक को तीन साल तक के कारावास की कड़ी चेतावनी दी गई है।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई की जद में केवल एक शिक्षक ही नहीं, बल्कि 23 अन्य कर्मी भी आए हैं जिन्हें शो-कॉज जारी किया गया है। मढ़ौरा, परसा और रिविलगंज के चार्ज अधिकारियों ने भी अपने स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों पर कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनगणना एक सर्वोच्च प्राथमिकता वाला कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की बाधा डालने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story