सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा के लिए बनाए गए 17 केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा के लिए बनाए गए 17 केंद्र


अररिया 11 अप्रैल(हि.स.)।

बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में बैठक हुई।जिसमें सभी केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-प्रेक्षक, जोनल दण्डाधिकारी-सह-गश्तीदल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दल, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस पदाधिकारी, सहायक परीक्षा संयोजक, नोडल पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं परीक्षा से सम्बद्ध सभी पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में बताया गया कि परीक्षा जिले के 17 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जहां अभ्यर्थियों के लिए व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। परीक्षा 14 अप्रैल से 21 अप्रैल के बीच विभिन्न चरणों में होगी।

परीक्षार्थियों का रिपोर्टिंग समय दिनांक 14.04.2026 से 21.04.2026 तक प्रथम पाली के लिए 8:00 बजे पूर्वाह्न से 9:00 बजे पूर्वाह्न तक एवं द्वितीय पाली के लिए 1:00 बजे से 1:30 बजे अप० तक परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थियों के प्रवेश की अनुमति होगी ।जिलाधिकारी द्वारा सभी परीक्षा से सम्बद्ध पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग पटना द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही उड़नदस्ता दल का गठन कर औचक निरीक्षण की व्यवस्था भी की गई है।

परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र पर लाना अनिवार्य होगा। साथ ही पहचान पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय बार कोड स्कैनिंग एवं सघन जांच की व्यवस्था रहेगी। महिला अभ्यर्थियों के फ्रिस्किंग के लिए एक अलग कक्ष अथवा अपारदर्शी घेरायुक्त स्थल में की जायेगी तथा प्रतिनियुक्त महिला सुरक्षाकर्मी द्वारा ही फ्रिस्किंग का कार्य किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story