सदा हमारे दिल में धड़कते हैं नवादा के लोग : चंदन सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सदा हमारे दिल में धड़कते हैं नवादा के लोग : चंदन सिंह


नवादा, 16 अक्टूबर (हि.स.)।नवादा के पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि नवादा संसदीय क्षेत्र के लोग हमेशा उनके दिल में धड़कते हैं। यहां के लोगों से उनका रिश्ता राजनीति से बढ़कर आत्मीयता और विश्वास का है। वे जीवनभर नवादा का बेटा बनकर लोगों की सेवा करते रहेंगे। बीमारी से स्वस्थ होने के बाद नवादा पहुंचने पर उन्होंने विभिन्न गांवों में लोगों से मुलाकात की और शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी।

जिले की सीमा खरांट मोड़ के समीप सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वाहनों के काफिले के साथ उन्हें नवादा लाया गया। हिसुआ के विश्व शांति चौक पर भी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान समर्थकों ने उनसे दोबारा नवादा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने का आग्रह किया।

पूर्व सांसद गजरा गांव पहुंचे और भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष रामपदारथ सिंह के पुत्र के निधन पर शोक संतप्त परिवार से मिलकर ढांढ़स बंधाया। नरहट प्रखंड के छोटीपाली गांव में मुखिया धनंजय कुमार के आवास पर ग्रामीणों से मुलाकात की। सराय गांव में सरपंच संतोष कुमार के चाचा के निधन पर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, हिसुआ प्रखंड के बगोदर गांव में प्रहलाद कुमार के पिता के निधन पर शोकाकुल परिवार से मिलकर सांत्वना दी।

चंदन सिंह ने कहा कि नवादा के लोगों ने हमेशा उन्हें स्नेह और सम्मान दिया है। यहां का एक-एक व्यक्ति उनके लिए प्रिय है। लोगों के सुख-दुख में शामिल होना वे अपना कर्तव्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ होने के बाद वे फिर से लोगों के बीच पहुंचे हैं और आगे भी नवादा के लोगों से उनका जुड़ाव बना रहेगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जीवनभर नवादा के लोगों की सेवा करते रहेंगे। उनके दौरे के दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष विकास कुमार राजा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे। जिले के 50 मुखियों ने पूर्व सांसद चंदन से मिलकर पुनः नवादा से ही चुनाव लड़ने का आग्रह किया

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761846 Articles

Share this story