सातवीं पुण्यतिथि पर याद किए गए पूर्व मंत्री यमुना प्रसाद राम

WhatsApp Channel Join Now
सातवीं पुण्यतिथि पर याद किए गए पूर्व मंत्री यमुना प्रसाद राम


अररिया 02 अप्रैल(हि.स.)। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री यमुना प्रसाद राम की सातवीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को उनके रामपुर स्थित आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कांग्रेसी नेता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने पूर्व मंत्री के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि यमुना प्रसाद राम ने अपने राजनीतिक जीवन में समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में उनके परिजनों ने भी उन्हें याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की।

चित्र पर माल्यार्पण के पश्चात मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान यमुना प्रसाद राम अमर रहे जैसे नारे लगाए गए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने संबोधन में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। नेताओं ने कहा कि यमुना प्रसाद राम एक दूरदर्शी, कर्मठ और जनहितैषी नेता थे, जिन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में समाज के हर वर्ग विशेषकर गरीब, वंचित और पिछड़े तबकों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय पहल की, जिनका लाभ आज भी लोगों को मिल रहा है।

इस मौके पर फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी और जनता के प्रति समर्पण आज के नेताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति की और अपने आदर्शों से कभी समझौता नहीं किया। यही कारण है कि वे आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story