विद्युत हादसे में मृत दोनों बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपया का अनुदान
पश्चिम चम्पारण (बगहा), 12 अक्टूबर (हि.स.)। बगहा अनुमंडल के खटौरी गांव में कलश यात्रा के दौरान विद्युत आघात से जान गंवाने वाले दोनों बच्चों के आश्रितों को प्रशासन की ओर से चार-चार लाख रुपया की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की गई। अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने रविवार की देर शाम पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सहायता राशि सौंपी।
उल्लेखनीय है कि रविवार को रामनगर थाना क्षेत्र के खटौरी गांव में मां दुर्गा की आराधना के लिए निकली कलश यात्रा के दौरान जलभरी कर लौट रहे बच्चों के हाथ में रखा झंडा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया था। इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई थी। मृतक दोनों बच्चे भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के निवासी थे।
घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतकों के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया। अनुमंडल प्रशासन ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

