स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मी द्वारा पीछे करने का वीडियो वायरल, गरमाई सियासत

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मी द्वारा पीछे करने का वीडियो वायरल, गरमाई सियासत


भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। वैशाली जिले के राघोपुर स्थित कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल ('नीतीश सेतु') के निरीक्षण के दौरान बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी द्वारा पीछे किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 18 नवंबर, 2026 को हुई इस घटना के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को राघोपुर पहुंचे थे। इस निरीक्षण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र एवं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी उनके साथ मौजूद थे। निरीक्षण और मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी उन्हें घेरे हुए थे। इसी बीच जब स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के करीब जाने लगे, तो सुरक्षा घेरे में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें हाथ लगाकर पीछे कर दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खेमे में नाराजगी देखी जा रही है। जदयू नेताओं ने इस घटना को 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' और प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया है।

पार्टी की ओर से पुलिस मुख्यालय से इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने, जिम्मेदारी तय करने और प्रोटोकॉल तोड़ने वाले कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। वहीं, इस पूरे विवाद पर भागलपुर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने भी गुरुवार को अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को किसी के इशारे पर या जानबूझकर की गई हरकत मानने से इनकार किया है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि सुरक्षा कर्मी से थोड़ी चूक जरूर हुई है।

अश्विनी चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इस मामले को संज्ञान में लेना चाहिए, ताकि भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था में इस तरह की गलती दोबारा न हो। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर, 2026 को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे सबसे पहले वैशाली पहुंचकर 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे और इसे जनता को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राज्य में विभिन्न विभागों की 103 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story