कटिहार: ईवीएम वेयरहाउस का हुआ संयुक्त मासिक निरीक्षण, परखा गया सुरक्षा घेरा

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार: ईवीएम वेयरहाउस का हुआ संयुक्त मासिक निरीक्षण, परखा गया सुरक्षा घेरा


कटिहार, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का संयुक्त रूप से मासिक निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई मशीनों के तकनीकी रख-रखाव, सुरक्षा घेरे तथा संधारित अभिलेखों की गहन पड़ताल की गई।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा तथा सुरक्षित संधारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस का नियमित मासिक निरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता, विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अनिवार्य कदम है। इस दौरान वेयरहाउस के सुरक्षा प्रबंधों, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश पंजिका (लॉग बुक) की भी बारीकी से जांच की गई।

इस मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, कटिहार के उप निर्वाचन पदाधिकारी, संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story