कटिहार में ‘हर घर तिरंगा’ का कारवां, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में ‘हर घर तिरंगा’ का कारवां, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर


कटिहार, 12 अगस्त (हि.स.)। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला के जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

यह भव्य तिरंगा यात्रा कटिहार समाहरणालय परिसर से शुरू होकर अंबेडकर चौक और हनुमान मंदिर के रास्ते कारगिल चौक तक गई और पुनः कारगिल चौक से लौटकर समाहरणालय परिसर में समाप्त हुई। इस आयोजन में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक, शहर के गणमान्य नागरिक तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति की भावना का जोरदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्र के प्रति गौरव एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। उल्लेखनीय है कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान 09 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story