हर घर तिरंगा अभियान के तहत आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में चित्रकला कार्यशाला आयोजित
सुपौल, 09 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत रविवार, 9 अगस्त को आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, सुपौल द्वारा विशेष चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्थानीय बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तिरंगा थीम पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यशाला में बच्चों ने रंगों और कैनवास के माध्यम से देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम की खास आकर्षण मधुबनी (मिथिला) चित्रकला रही। बच्चों ने पारंपरिक मिथिला लोककला की शैली में आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कला प्रतिभा के साथ-साथ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की। बच्चों की बनाई गई चित्रकृतियों में राष्ट्रीय ध्वज, देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े संदेश प्रमुख रहे। उन्होंने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान का संदेश दिया।
कार्यशाला के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के महत्व और देशभक्ति की भावना से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना है। कार्यशाला में बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को जीवंत बना दिया। उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि कला के माध्यम से भी राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता की भावना को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

