गंगा का रौद्र रूप: एप्रोच रोड पर भारी कटाव, भागलपुर के तीन घाटों पर दो दिनों के लिए बाइक फेरी सेवा बंद

WhatsApp Channel Join Now
गंगा का रौद्र रूप: एप्रोच रोड पर भारी कटाव, भागलपुर के तीन घाटों पर दो दिनों के लिए बाइक फेरी सेवा बंद


भागलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले में गंगा नदी के जलस्तर में पिछले तीन दिनों से हो रही अप्रत्याशित वृद्धि ने तटीय इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

बढ़ते जलस्तर के कारण नवगछिया की ओर स्थित एप्रोच रोड पर तेजी से कटाव शुरू हो गया है, जिससे दोपहिया वाहनों के आवागमन में भारी कठिनाई और सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन तीन प्रमुख घाटों पर अगले दो दिनों के लिए बाइक से फेरी सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया है। प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, बियादा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और नवगछिया के जानकी चौक घाट से संचालित होने वाली फेरी सेवा में मोटरसाइकिलों की लोडिंग दो दिनों तक स्थगित रहेगी।

हालांकि, आम यात्रियों को राहत देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पूर्ववत जारी रहेगी और वे सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यात्रा कर सकते हैं। एप्रोच रोड पर हो रहे तेज कटाव को रोकने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए फ्लड कंट्रोल तथा जल संसाधन विभाग की टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रख रहे हैं ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाया जा सके। जिला प्रशासन ने आम जनता और यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे वर्तमान परिस्थितियों और सुरक्षा निर्देशों को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

बाइक सवारों से अनुरोध किया गया है कि वे इन दो दिनों के दौरान अपने वाहनों के साथ उक्त घाटों पर न आएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story