गंगा के बढ़ते जलस्तर से एप्रोच रोड पर कटाव, तीन दिनों तक बाइक फेरी सेवा पर लगी रोक

WhatsApp Channel Join Now
गंगा के बढ़ते जलस्तर से एप्रोच रोड पर कटाव, तीन दिनों तक बाइक फेरी सेवा पर लगी रोक


भागलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर तेजी से हो रहे कटाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बियादा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और जानकी चौक (नवगछिया) से संचालित होने वाली फेरी सेवा में बाइक के आवागमन पर लगी रोक को अगले तीन दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। इस अवधि में इन तीनों घाटों से बाइक के साथ नाव या फेरी का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

राहत की बात यह है कि तीनों घाटों पर पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पूर्ववत (पहले की तरह) चालू रहेगी। आम लोग बिना बाइक के पैदल ही नावों के जरिए आ-जा सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाइक लेकर आने वाले लोगों को घाट से वापस लौटना पड़ सकता है, इसलिए लोग इस मार्ग पर बाइक के साथ न आएं। एप्रोच रोड पर हो रहे भू-कटाव को नियंत्रित करने के लिए फ्लड कंट्रोल और जल संसाधन विभाग की टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं।

जिला प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है ताकि कटाव को जल्द से जल्द रोककर रास्ते को दोबारा बाइक परिचालन के योग्य बनाया जा सके। जिला प्रशासन ने आम जनता और दैनिक यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा या कठिनाई से बचने के लिए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। आगामी तीन दिनों तक इन घाटों पर बाइक लेकर आने से बचें और इस पाबंदी को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story