गोपालपुर के महादेवपुर और छोटी अलालपुर में कटाव, 100 मीटर पुरानी रेलवे लाइन नदी में विलीन

WhatsApp Channel Join Now
गोपालपुर के महादेवपुर और छोटी अलालपुर में कटाव, 100 मीटर पुरानी रेलवे लाइन नदी में विलीन


भागलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत महादेवपुर और छोटी अलालपुर गांवों में गंगा नदी के भीषण कटाव ने विकराल रूप ले लिया है। लगातार हो रहे इस कटाव के बीच गुरुवार को एक बड़ी आपदा सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया।

जानकारी के अनुसार, पुरानी रेलवे लाइन के पास करीब 100 मीटर के दायरे में अचानक मिट्टी भरभराकर नदी में समा गई। मिट्टी धंसने की इस ताजा और भयावह घटना से मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। गंगा के इस रूद्र रूप के कारण महादेवपुर और छोटी अलालपुर के ग्रामीणों में तीव्र दहशत का माहौल है। वहीं दूसरी ओर, इस संकट की घड़ी में जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की सुस्ती को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कटाव निरोधी कार्य समय पर और ठोस तरीके से नहीं किए जाने के कारण आज स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है। घर, जमीन और ऐतिहासिक धरोहरों को नदी में समाते देख पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासनिक विफलता के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और त्वरित राहत व बचाव कार्य शुरू करने की मांग की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि कटाव की रफ्तार को तुरंत नहीं रोका गया, तो महादेवपुर और छोटी अलालपुर का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह गंगा नदी के आगोश में समा जाएगा। कई घर और सरकारी संपत्तियां अब कटाव की बिल्कुल मुहाने पर खड़ी हैं। ग्रामीण रात-रात भर जागकर कटाव की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अपने स्तर से सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जुट गए हैं। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारियों की टीम स्थिति का जायजा लेने के लिए रवाना हो चुकी थी, लेकिन ग्रामीण ठोस जमीनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761074 Articles

Share this story