नारायणपुर के कसमाबाद में कटाव, नदी में विलीन हुए एक दर्जन से अधिक आशियाने

WhatsApp Channel Join Now
नारायणपुर के कसमाबाद में कटाव, नदी में विलीन हुए एक दर्जन से अधिक आशियाने


नारायणपुर के कसमाबाद में कटाव, नदी में विलीन हुए एक दर्जन से अधिक आशियाने


भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत बैकठपुर दुधैला पंचायत के वार्ड नंबर नौ स्थित कसमाबाद गांव में गंगा नदी की उपधारा ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। नदी के भीषण कटाव के कारण देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक आशियाने गंगा में समा गए हैं।

इस विनाशकारी आपदा के बाद से पूरे तटीय इलाके के ग्रामीणों में दहशत और हाहाकार का माहौल है। गंगा की उग्र लहरों को अपने घरों की ओर लगातार बढ़ते देख तटवर्ती क्षेत्र के लोग गहरी लाचारी में डूबे हैं। नदी में विलीन होने के डर से ग्रामीण भारी मन से अपने घरों को खुद तोड़कर खिड़कियां, दरवाजे, चौखट, एस्बेस्टस की चादरें और ईंटें जैसी सुरक्षित सामग्रियां निकाल रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पक्का मकान बनाने में जीवन भर की कमाई लग गई थी, जिसे आज अपने ही हाथों मलबे में तब्दील होते देखना अत्यंत पीड़ादायक है। घर नदी की मुख्य धारा में विलीन हो जाने के कारण कई परिवार बेघर होकर खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।

पीड़ित लोग अपने मवेशियों और जरूरी सामानों को समेटकर गांव के ही समीप अस्थायी झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर हैं, जबकि कई अन्य परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि समय रहते अगर कटावरोधी कार्य कराए जाते तो आज यह तबाही नहीं देखनी पड़ती। प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन और सरकार से अविलंब राहत, मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story